SAʴý

बेल्जियम से वापसी के दौरान विमान में पत्रकारों से बात करते संत पापा फ्राँसिस बेल्जियम से वापसी के दौरान विमान में पत्रकारों से बात करते संत पापा फ्राँसिस   (ANSA)

लेबनान में बमबारी पर पोप: हर असंगत रक्षा अनैतिक है

ब्रसेल्स से रोम वापसी की उड़ान पर पोप फ्राँसिस ने पत्रकारों से हसन नसरल्लाह और कई अन्य लोगों की हत्या करनेवाले हमले के बारे बात की, और गर्भपात की निंदा दोहराई, तथा राजा बाउदोइन की ख्रीस्तीय गवाही की प्रशंसा की, जिन्होंने गर्भपात को कानून बनाने के बजाय अस्थायी रूप से इस्तीफा दे दिया था।

वाटिकन न्यूज

विमान, सोमवार, 30 सितंबर 2024 (रेई) : संत पापा फ्राँसिस ने लक्समबर्ग और बेल्जियम की प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर रोम लौटते समय विमान में पत्रकारों के कई सवालों के उत्तर दिये।

माइकल मर्टेन - लक्समबर्गर वॉर्ट

संत पिता, मैं माइकल, लक्समबर्ग के एक समाचार पत्र "लक्समबर्गर वॉर्ट" से हूँ, लक्समबर्ग आपका पहला देश था और बहुत से लोग आपके वहाँ रहने को याद करते हैं और निश्चित रूप से एस्प्रेसो बार में लोगों को भी याद करते हैं जिन्हें आपने वहाँ आश्चर्यचकित किया था। मैं बस यह पूछना चाहता था कि लक्समबर्ग में आपका क्या अनुभव रहा, आप क्या लेकर रोम जा रहे हैं और क्या आप वहाँ किसी चीज़ से आश्चर्यचकित भी हुए?

पोप फ्राँसिस

लक्समबर्ग ने वास्तव में मुझे एक संतुलित समाज, संतुलित कानून और एक अलग संस्कृति के रूप में प्रभावित किया। इससे मैं बहुत प्रभावित हुआ, क्योंकि मैं (उसे) नहीं जानता था। दूसरी ओर, मैं बेल्जियम को जानता हूँ क्योंकि मैं वहाँ कई बार गया हूँ। लेकिन लक्समबर्ग एक आश्चर्य था, संतुलन और स्वागत, यह कुछ ऐसा था जिसने मुझे आश्चर्यचकित कर दिया। मेरा मानना ​​है कि शायद लक्समबर्ग यूरोप को जो संदेश दे सकता है, वह बिल्कुल यही है... धन्यवाद।

वालेरी ड्यूपॉन्ट - फ्रेंच भाषी बेल्जियम राज्य टीवी आरटीबीएफ

संत पापा, आपके समय के लिए धन्यवाद, मेरी आवाज के लिए क्षमा करें लेकिन बारिश ने मुझे थोड़ा प्रभावित किया है। राजा बाउडौइन की कब्र पर आपके शब्दों ने बेल्जियम में कुछ विस्मय पैदा कर दिया...

पोप फ्राँसिस

लेकिन आप जानते हैं कि विस्मय दर्शन की शुरुआत है और यह सही है!

वालेरी ड्यूपॉन्ट

शायद! कुछ लोगों ने इसे बेल्जियम के लोकतांत्रिक जीवन में राजनीतिक हस्तक्षेप के रूप में देखा। मेरा प्रश्न यह है कि क्या राजा को धन्य घोषित करने की प्रक्रिया उसके पदों से जुड़ी है? और हम जीवन के अधिकार, जीवन की रक्षा और महिलाओं के कष्ट रहित जीवन जीने के अधिकार को एक साथ कैसे ले सकते हैं?

पोप फ्राँसिस

वे सभी जीवन हैं... राजा बहादुर थे क्योंकि मृत्यु कानून का सामना करते हुए उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किया और इस्तीफा दे दिया। इसके लिए साहस चाहिए, है ना? ऐसा करने के लिए "पतलून वाले" राजनेता की ज़रूरत होती है, साहस की आवश्यकता होती है। और ये एक विशेष स्थिति है और इसके साथ उन्होंने एक संदेश भी दिया... और उन्होंने ऐसा इसलिए भी किया क्योंकि वो एक संत थे। वे एक संत हैं और उसे धन्य घोषित करने की प्रक्रिया जारी रहेगी, क्योंकि उसने मुझे इसका सबूत दिखाया है।

महिलाओं को जीवन का अधिकार है: अपने जीवन का, अपने बच्चों के जीवन का। आइए, यह कहना न भूलें: गर्भपात हत्या है। विज्ञान आपको बताता है कि गर्भधारण के महीने में सभी अंग पहले से ही मौजूद होते हैं... आप एक इंसान को जन्म देते हैं, आप एक इंसान को मार देते हैं। और जो डॉक्टर खुद को इसके लिए उपलब्ध करते हैं, वे हैं - मुझे कहने की अनुमति दें - वे हिटमैन हैं। और इसके बारे में कोई बहस नहीं है। एक इंसान की जान ले ली जाती है। और महिलाओं को जीवन की रक्षा का अधिकार है। गर्भनिरोधक उपाय एक और चीज है, यह एक और चीज है। भ्रमित मत होईये। मैं अब केवल गर्भपात के बारे बोलता हूँ। और इसके बारे में कोई बहस नहीं है। क्षमा करें, लेकिन यह सच है! धन्यवाद।

एंड्रिया व्रीडे - बेल्जियम फ्लेमिश और डच टीवी

संत पापा, बेल्जियम की इस यात्रा के दौरान आपकी यौन शोषण के पीड़ितों के एक समूह से भी लंबी मुलाकात हुई। अक्सर उनकी कहानियों में प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी, बंद दरवाजे, उनके प्रति चुप्पी, अनुशासनात्मक कार्रवाइयों की सुस्ती रही है, आपने आज जिस लीपापोती के बारे में बात की, क्षति के लिए वित्तीय मुआवजे से संबंधित समस्याएँ। अंत में, चीजें तभी बदलती दिखती हैं जब वे आपसे व्यक्तिगत रूप से बात करने में कामयाब होती हैं, जैसा कि आपने इस यात्रा में किया। ब्रसेल्स में पीड़ितों ने आपसे कई अनुरोध भी किये। मैं आपसे पूछना चाहता था कि आप इन अनुरोधों पर कैसे आगे बढ़ना चाहते हैं? और क्या यह बेहतर नहीं होगा, यदि वाटिकन में एक विशिष्ट विभाग बनाया जाए, कोई एक स्वतंत्र निकाय, जैसा कि कुछ धर्माध्यक्ष कलीसिया में इस महामारी से बेहतर तरीके से निपटने और विश्वासियों का विश्वास हासिल करने के लिए कह रहे हैं?

पोप फ्राँसिस

धन्यवाद। अंतिम (सवाल का उत्तर)... वाटिकन में विभाग है। एक संरचना है,  दुर्व्यवहार के मामलों के लिए अध्यक्ष अब एक कोलंबियाई बिशप हैं। एक आयोग है और कार्डिनल ओ'मेली ने इसे बनाया है। यह सही है! और सभी चीजें वाटिकन में प्राप्त की जाती हैं एवं चर्चा होती हैं। मुझे वाटिकन में भी दुर्व्यवहार के शिकार मिले हैं और मैं उन्हें प्रोत्साहन देता हूँ कि वे आगे बढ़ें। यह पहला है... दूसरा, मैंने पीड़ितों को सुना। मेरा मानना ​​है कि यह एक कर्तव्य है, कुछ लोग कहते हैं: आंकड़े कहते हैं कि दुराचार करनेवालों में से 40-42-46% लोग परिवार और पड़ोस में हैं, कलीसिया में केवल 3% हैं।

मुझे इसकी परवाह नहीं है, मैं कलीसिया पर ध्यान देता हूँ! उत्पीड़ितों की मदद करना और उनकी देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। कुछ को मनोवैज्ञानिक उपचार की आवश्यकता है, (हमें इसमें उनकी मदद करने की आवश्यकता है)।

इसके लिए मुआवज़े की भी बात हो रही है क्योंकि ये सिविल क़ानून में मौजूद हैं। नागरिक कानून में मुझे लगता है कि बेल्जियम में यह 50 हजार यूरो है: यह बहुत कम है, यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसकी जरूरत है... मुझे लगता है कि यह आंकड़ा है लेकिन मुझे यकीन नहीं है। लेकिन हमें दुर्व्यवहार के शिकार लोगों का ख्याल रखना चाहिए और दुर्व्यवहार करनेवालों को दंडित करना चाहिए, क्योंकि दुर्व्यवहार कोई आज का पाप नहीं है जो शायद कल नहीं रहेगा... यह एक प्रवृत्ति है, यह एक मनोरोग है और इस कारण से हमें इसपर अंकुश करना चाहिए। किसी दुर्व्यवहार करनेवाले को सामान्य जीवन में, पल्लियों और स्कूलों में जिम्मेदारियों के साथ इस तरह स्वतंत्र नहीं छोड़ा जा सकता। कुछ धर्माध्यक्षों ने, मुकदमे और सजा के बाद, ऐसा करनेवाले पुरोहितों को काम दिया है, उदाहरण के लिए पुस्तकालय में, लेकिन स्कूलों या पल्लियों में बच्चों के संपर्क से दूर। और इसी को लेकर हमें आगे बढ़ना है। मैंने बेल्जियम के धर्माध्यक्षों से कहा कि वे डरें नहीं और आगे बढ़ें। उसे ढंकना शर्म की बात है, जी हाँ, यह शर्म की बात है। आपको धन्यवाद।

कर्टनी वॉल्श, फॉक्स टीवी

आपके समय के लिए बहुत - बहुत धन्यवाद। हमने आज सुबह पढ़ा कि नसरल्लाह की लक्षित हत्या के लिए 900 किलोग्राम के बम लगाए गए थे। वहाँ एक हजार से अधिक लोग विस्थापित हैं, कई लोग मारे गये हैं। मेरा प्रश्न है: क्या आपको लगता है कि इस्राएल लेबनान और गाजा से भी आगे बढ़ गया है? और इसे कैसे हल किया जा सकता है? क्या इन लोगों के लिए कोई संदेश है?

पोप फ्राँसिस

हर दिन मैं गज़ा के पैरिश को टेलीफोन करता हूँ। वहाँ, पैरिश और कॉन्वेंट में, 600 से अधिक लोग हैं और वे मुझे बताते हैं कि वहां क्या हो रहा है, यहां तक ​​कि वहां होनेवाली क्रूरता के बारे भी। आपने मुझसे जो कहा: मुझे वास्तव में समझ नहीं आया कि चीजें कैसे हुईं। लेकिन बचाव हमेशा हमले के अनुपात में होना चाहिए। जब कुछ असंगत होता है, तो एक हावी प्रवृत्ति प्रकट होती है जो नैतिकता से बाहर जाती है। एक देश जो इन चीजों को बलपूर्वक करता है - मैं किसी भी देश के बारे में बात कर रहा हूँ - जो इन चीजों को इतने "अधिक" रूप से करता है, अनैतिक कार्य हैं। युद्ध में भी नैतिकता की रक्षा की जानी चाहिए। युद्ध अनैतिक है, लेकिन युद्ध के नियम कुछ नैतिकता का संकेत देते हैं। लेकिन जब ऐसा नहीं किया जाता है, तो हम देखते हैं - हम अर्जेंटीना में कहते हैं - इनका "खून खराब" है।

अन्नाकियारा वाले, ख्रीस्तीय परिवार

धन्यवाद, संत पापा। कल, ल्यूवेन के काथलिक विश्वविद्यालय में मुलाकात के बाद, एक बयान जारी किया गया था, जहां मैंने पढ़ा, "विश्वविद्यालय समाज में महिलाओं की भूमिका पर पोप फ्राँसिस द्वारा व्यक्त रूढ़िवादी पदों की निंदा करता है।" उनका कहना है कि महिलाओं के बारे में केवल मातृत्व, प्रजनन क्षमता, देखभाल के बारे में बात करना थोड़ा प्रतिबंधात्मक है, जो वास्तव में थोड़ा भेदभावपूर्ण है क्योंकि यह एक ऐसी भूमिका है जो पुरुषों पर भी निर्भर करती है। और इससे जुड़े हुए, दोनों विश्वविद्यालयों ने कलीसिया में अभिषिक्त पुरोहितों का प्रश्न उठाया।

पोप फ्राँसिस

सर्वप्रथम, यह बयान उस समय दिया गया था जब मैं बात कर रहा था। यह पहले से बना हुआ था और यह नैतिक नहीं है। नैतिकता... महिलाओं पर: मैं हमेशा महिलाओं की गरिमा के बारे में बात करता हूँ और वहां मैंने कुछ ऐसा कहा जो मैं पुरुषों के बारे में नहीं कह सकता: कलीसिया महिला है, वह येसु की दुल्हन है।

कलीसिया का पुरूषीकरण करना, महिलाओं का पुरूषीकरण करना मानवीय नहीं है, यह ख्रीस्तीय नहीं है। नारी की अपनी ताकत होती है। दरअसल, महिलाएँ - मैं हमेशा यह कहता हूँ, और मैंने यह कहा है - पुरुषों की तुलना में अधिक महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि कलीसिया महिला है, कलीसिया येसु की दुल्हन है। प्रेरिताई में स्त्री का रहस्यवाद प्रेरिताई से भी बड़ा है। एक महान ईशशास्त्री [हंस उर्स वॉन बल्थासर] हैं जिन्होंने इस पर अध्ययन किया है: कौन बड़ा है, पेत्रुस की प्रेरिताई या मरियम की प्रेरिताई? मरियम की प्रेरिताई बड़ी है क्योंकि यह एकता की प्रेरिताई है जिसमें, दूसरा नेतृत्व की प्रेरिताई शामिल है। कलीसिया का मातृत्व एक महिला का मातृत्व है। प्रेरिताई एक बहुत छोटी प्रेरिताई है, जो विश्वासियों का साथ देने के लिए दिया जाता है, लेकिन हमेशा मातृत्व के भीतर।

और इस पर, विभिन्न ईशशास्त्रियों ने अध्ययन किया है और यह एक वास्तविक बात है, मैं इसे आधुनिक नहीं कहता, लेकिन वास्तविक कहता हूँ। यह पुराना नहीं है। एक अतिशयोक्तिपूर्ण नारीवाद, जिसका अर्थ है कि महिलाएँ अंधभक्त हैं, जो काम नहीं करता। एक चीज अंधभक्ति है, जो काम नहीं करती, दूसरी चीज नारीवाद है, जो काम नहीं देती। जो महत्वपूर्ण बात है वह है कलीसिया एक महिला के रूप में है, जो पुरोहिताई की प्रेरिताई से भी बड़ी है। और कभी-कभी इस बारे में नहीं सोचा जाता।

सवाल के लिए धन्यवाद। और इस यात्रा के लिए, आपके द्वारा किए गए काम के लिए आप सभी को धन्यवाद। मुझे खेद है कि यहां हमारा समय समाप्त हो रहा है। बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं आपके लिए प्रार्थना करता हूँ, आप भी मेरे लिए प्रार्थना करें। धन्यवाद।

(पोप को कैनरी द्वीप के पास समुद्र में खो गए पचास लोगों की त्रासदी की याद दिलाई गई)

पोप ने कहा, “मैं कैनरी द्वीप पर उन लोगों के लापता होने से दुःखी हूँ। आज आज़ादी की चाह रखनेवाले बहुत से प्रवासी समुद्र में या उसके निकट खो गए हैं। आइए, क्रोतोने के बारे में सोचें? 100 मीटर पर...आपकी भूमि, आइए वहां के बारे में सोचें। यह रोने लायक बात है।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

30 September 2024, 15:17